Saturday, May 13, 2017

लक्ष्य आधारित होगी विद्यालयों की निरीक्षण व्यवस्था : देवनानी



अजमेर। शिक्षाअधिकारियों द्वारा राज्य के विद्यालयों की निरीक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के अंतर्गत पंचायत शिक्षा अधिकारी, बीईओ और जिला शिक्षा अधिकारियों को लक्ष्य आधारित व्यवस्था के अंतर्गत कार्य करना होगा। जुलाई-अगस्त में इस संबंध में अभियान के रूप में निरीक्षण नीति के तहत शिक्षा अधिकारियों को प्रतिदिन, साप्ताहिक और मासिक रूप में विद्यालयों का निरीक्षण करने के साथ ही विद्यालयी व्यवस्था के संबंध में राज्य सरकार को रिपोर्ट देनी होगी। 

शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने शिक्षा विभाग के कार्मिकों का सेवा रिकार्ड आॅनलाइन संधारित किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाला दर्पण और शाला दर्शन पोर्टल के अंतर्गत शिक्षा विभाग के समस्त कार्मिकों का सेवा रिकाॅर्ड भी अलग से संधारित किया जाए। देवनानी मुख्यमंत्री सलाहकार समूह के उप समूह शिक्षा की बैठक में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राज्य के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों का कैडर निर्धारित करने, आंगनबाड़ी में पाठ्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को संस्कारित करने वाली पाठ्यसामग्री विकसित करने तथा वहां पर दानदाताओं के सहयोग से टॉयज बैंक की स्थापना किए जाने पर भी शिक्षा अधिकारियों को अपने स्तर पर कार्यवाही करने पर जोर दिया है। शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठकों के आयोजन के अच्छे परिणाम सामने आए हैं। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि वर्ष में चार बार पीटीएम का आयोजन विद्यालयों में हो। इसके अंतर्गत अभिभावक रूप में विद्यालय में कम से कम एक बार बच्चे की मां आए यह भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मिड डे मील का पोस मशीन की तर्ज पर बायोमैट्रिक आधार पर वितरण किए जाने के संबंध में भी विचार करने पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा अधिकारी निरीक्षण के दौरान मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता स्वयं अपने स्तर पर परखें। बैठक में राजकीय विद्यालय में अध्ययन करने वाले कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को नेशनल स्किल डवलपमेंट योजना के तहत जोड़ने, आदर्श और उत्कृष्ट विद्यालयों में संसाधनों का समुचित विकास करने, अच्छा परिणाम देने वाले शिक्षकों को पुरस्कृत किए जाने पर भी सहमति जताई गई। 

स्वामीविवेकानंद माॅडल स्कूल वेबसाइट का लोकार्पण 

शिक्षाराज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सलाहकार समूह के उप समूह शिक्षा की बैठक के दौरान ही राजस्थान माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा निर्मित स्वामी विवेकानंद माॅडल स्कूल की वेबसाइट का लोकार्पण किया। शिक्षा विभाग के शासन सचिव नरेशपाल गंगवार ने बताया कि इस वेबसाइट के निर्मित होने के बाद अब प्रदेश के सभी स्वामी विवेकानंद माडल स्कूलों से संबंधित रिकार्ड का आॅनलाइन संधारण सुनिश्चित हो सकेगा। 


No comments:

Post a Comment

About

authorHello, my name is Jack Sparrow. I'm a 50 year old self-employed Pirate from the Caribbean.
Learn More →



Tags